रांची/रामगढ़: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी से बीते दो जनवरी को लापता भाई-बहन अंश और आंशिका को 12 दिनों के बाद रामगढ़ जिले के चितरपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया है। बच्चों को एक दंपती के पास पाया गया है। जो चितरपुर के अहमदनगर में विगत 10 दिनों से एक किराए के मकान में रह रहे थे और मूलरूप से औरंगाबाद (बिहार) के रहनेवाले बताए जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बीते दो जनवरी को अंश कुमार राय (5 वर्ष) और अंशिका कुमारी (4 वर्ष) दोपहर बाद तकरीबन तीन घर से बाहर निकले थे। जिसके बाद से दोनों लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद तीन जनवरी को धुर्वा थाना में गुमशुदगी की शिकायत की। इधर स्थानीय बजरंग दल से जुड़े युवकों ने किराये के मकान में रह रहे दंपती के पास दोनों बच्चों को देखा। बच्चों के परिजनों को उनकी तस्वीर भेजकर सत्यापन कराया गया। इसके उपरांत रजरप्पा पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
मामले की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रामगढ़ अजय कुमार सदलबल पहुंचे और दंपती को हिरासत में ले लिया। वहीं मकान मालिक से भी पूछताछ की गई। बताया जाता है कि दंपती ने बच्चों का आहरण किया था और बच्चों को बिहार ले जाकर बेचने की फ़िराक में थे। पकड़े जाने के डर से 10 दिन पहले चितरपुर में किराए पर एक कमरा लेकर रह रहे थे।
वहीं बरामद बच्चों को रांची ले जाया गया। जहां पुलिस मुख्यालय में डीजीपी तदाशा मिश्रा और वरीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बच्चों को माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
