रामगढ़: शहर के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में मंगलवार को एक दिवसीय प्राथमिक उपचार और सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज शामिल रहे। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रारंभिक कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। यदि उस समय सही तरीके से प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर दिया जाए तो कई अनमोल जीवन बचाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य हर नागरिक को इस प्रकार प्रशिक्षित करना है कि वह जरूरत पड़ने पर एक “आपदा मित्र” के रूप में कार्य कर सके।
वहीं उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे सीखे गए कौशल को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार की मूलभूत तकनीकों, सीपीआर देने की सही प्रक्रिया, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, तथा जीवनरक्षक उपायों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों, अभिभावकों सहित आम लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आवश्यक कौशल सीखा।
अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक सहित आम जन उपस्थित हुए।
