| रामगढ़ और गोला थाना क्षेत्र से पकड़े गए ट्रैक्टर |
रामगढ़: बालू के अवैध खनन और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन विभाग ने मंगलवार को सघन छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर खनन विभाग की गई औचक छापेमारी में सुबह से दोपहर तक 4 ट्रैक्टर बालू लदे हुए पकड़े गए।
पहली कार्रवाई सुबह करीब 5:30 बजे दामोदर पुल पर की गई। जहां नईसराई की ओर से आ रहे महिंद्रा B275 DI ट्रैक्टर को रोका गया तो उसमें करीब 100 CFT बालू लदा पाया गया। लेकिन परिवहन चालान नहीं मिला। इसके 50 मिनट बाद नईसराई-अरगड्डा मुख्य मार्ग पर बिहार फाउंड्री मोड़ के पास बालू लदा पॉवरट्रैक 434 DS Plus ट्रैक्टर पकड़ा गया। जिसपर 100 CFT बालू लदा पाया गया। जबकि परिवहन संबंधित कागजात नहीं पाए गए।
वहीं दोपहर 12:30 बजे गोला थाना क्षेत्र के तिरला मोड़ के पास खान निरीक्षक और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो और बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ा। जॉन डियर और स्वराज कंपनी के इन ट्रैक्टर पर भी 100-100 CFT बालू लदा पाया गया। परिवहन संबंधित चालान नहीं पाए गए।
सभी वाहनों को खनिज सहित जब्त कर रामगढ़ और गोला थाना को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही वाहन मालिकों, चालकों और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम 1957, झारखण्ड लघु खनिज नियमावली 2004 और झारखण्ड खनिज अवैध खन रोकथाम नियम 2017 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
