शैक्षणिक परिभ्रमण से समृद्ध करें ज्ञान और अनुभव : डॉ. संजय
रिपोर्ट – प्रभाकर दुबे
रजरप्पा (रामगढ़): डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय रामगढ़ के डी.एल.एड प्रशिक्षुओं का दल बुधवार को दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला के परिभ्रमण के लिए रवाना हुआ। जन आकांक्षा की सदस्य बबीता प्रभाकर ने हरी झंडी दिखाकर दल को विदा किया।

अवसर पर महाविद्यालय के सचिव डॉ. संजय कुमार प्रभाकर ने प्रशिक्षुओं को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि शैक्षणिक परिभ्रमण का उद्देश्य विभिन्न शैक्षणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन कर ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु भ्रमण के महत्व को समझें और अधिकतम शैक्षणिक लाभ प्राप्त करें। यात्रा के दौरान अनुशासन और संस्थान की गरिमा बनाए रखने की अपील भी की।
वहीं महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बाबूचंद प्रसाद ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षुओं के व्यक्तित्व विकास और व्यावहारिक ज्ञानवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षु भ्रमण से प्राप्त अनुभवों और जानकारियों का उपयोग अपने भावी शिक्षकीय जीवन में करेंगे।
बताया जाता है कि यह शैक्षणिक भ्रमण डी.एल.एड सत्र 2024-26 और 2025-27 के प्रशिक्षुओं के लिए 3 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित किया गया है। दल 10 जून को महाविद्यालय वापस लौटेगा।
अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित थे। सभी ने दल की सुखद, सुरक्षित और ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की।
