पतरातू, दुलमी और मांडू में उत्पादित आमों को मिला अंतर्राष्ट्रीय बाजार 

रामगढ़: जिला प्रशासन रामगढ़ के सतत प्रयासों से जिले के किसानों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उपायुक्त ऋतुराज ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर से लगभग 2 टन आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना किया। यह आम जिले के पतरातू, दुलमी एवं मांडू प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित किया गया है। खेप को सबसे पहले कोलकाता भेजा जाएगा, जहां आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण एवं निर्यात संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने के उपरांत इसे यूके के बाजारों के लिए प्रेषित किया जाएगा।

अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आम की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच न केवल किसानों की मेहनत का सम्मान है, बल्कि यह रामगढ़ की कृषि क्षमता और गुणवत्ता का भी परिचायक है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

उपायुक्त ने आगे कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग एवं विपणन की सुविधाओं से जोड़ने के परिणामस्वरूप आज रामगढ़ के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

अवसर पर उपस्थित किसानों ने जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को पूरा करने का संकल्प व्यक्त किया। बताते चलें कि इससे पूर्व चार टन आम की खेप दुबई के लिए भेजी गई है।

कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी मनरेगा विजय कुमार, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!