बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन है निरंतर प्रयासरत : ऋतुराज
रामगढ़: जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को टाउन हॉल रामगढ़ में जिला स्तरीय मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत थे। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद रामगढ़ विवेक सिंह, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता एवं कार्यपालक दंडाधिकारी रीना कुजूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत सभी अतिथियों कौ पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

मेधा सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रीय स्तर एफएलएन (FLN) चैंपियनशिप में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छावनी मध्य विद्यालय, रामगढ़ कैंट के छात्र लक्ष्य कुमार बर्नवाल को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले जिले के कुल 13 विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (सीबीएसई) के मैट्रिक वर्ग के 3 और इंटरमीडिएट वर्ग के 6 विद्यार्थियों, दिव्यांग श्रेणी के मैट्रिक (जैक बोर्ड) के 9 एवं इंटरमीडिएट के 6 विद्यार्थियों, मैट्रिक के 12 टॉपर्स, इंटरमीडिएट कला संकाय के 14, वाणिज्य संकाय के 15 तथा विज्ञान संकाय के 11 विद्यार्थियों के साथ-साथ एफआईएलओ के 6 टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कुल मिलाकर 83 विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे जिले की शैक्षणिक प्रगति का उत्सव है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन एवं परिश्रम को जीवन का आधार बनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने एवं विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन से ही ऐसे उत्कृष्ट परिणाम संभव हो पाए हैं।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद रामगढ़ श्री विवेक सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की लगन, समर्पण और कठिन परिश्रम का सम्मान करने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर मेहनत करते रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम, जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, एपीओ कुमार राज सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
