गिद्दी (हजारीबाग): रामगढ़ जिला अंतर्गत सीसीएल अरगड्डा प्रक्षेत्र में अवैध रूप कोयला खनन के लिए बने सुरंग में शनिवार को चार लोगों की मौत हो गई। माइंस रेस्क्यू सेंटर रामगढ़ की सात सदस्यीय टीम ने राहत और बचाव अभियान चलाकर सभी को निकाला। वहीं पुलिस ने सभी को तत्काल रांची रोड के होप अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने उनके मौत की पुष्टि कर दी।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अरगड्डा कोलियरी के काजू बागान के निकट चपरी में बंद खदान के अवैध कोयला खदान के लिए बनाए गए सुरंग में सुबह चार लोग कोयला निकालने गए और काफी देर तक वापस नहीं लौटे। मामले की जानकारी पर रामगढ़ पुलिस और माइंस रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। अवैध सुंरग के अंदर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल भेज दिया गया। जहां उनके मौत की पुष्टि कर दी गई। मृतकों की पहचान बुध बाजार सिरका निवासी आशीष घटवार, किशोर रवानी, छोटकीटोंगी निवासी देव बेदिया और डब्लू बेदिया के रूप में हुई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि खदान में ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस की वजह से दम घुटकर मौत हुई है। मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
इधर, घटना से मृतकों के परिजन काफी मर्माहत हैं। हादसे ने राज्य में चल रहे अवैध कोयला खनन को सतही तौर पर उजागर कर दिया है। चर्चा है कि बेबस और नासमझ गरीबों की जान जोखिम में डालकर चंद कोयला माफिया, अधिकारी और पूंजीपति चांदी काट रहे हैं और सिस्टम पर बेखौफ कालिख पोत रहे हैं। चर्चा राज्य के तमाशबीन रहनुमाओं की सरपरस्ती और भेंट में चढ़ती चांदी की भी है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। जांच का कोई विशेष फायदा होगा, इसकी उम्मीद बेमानी प्रतीत हो रही है।
