युवा ही बनाएंगे विकसित भारत, उठी आवाज

रांची: रांची विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में शुक्रवार को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग – यंग प्रोफेशनल्स राउंडटेबल का आयोजन किया गया। “आत्मनिर्भर भारत : मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” विषय पर हुई इस परिचर्चा में लगभग 200 युवा स्वयंसेवक, पेशेवर और विशेषज्ञ शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत MY Bharat झारखंड की राज्य निदेशक सुश्री ललिता कुमारी के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर प्रकाश डाला। राज्य की पीएम प्रस्तोता सुश्री आयशा फातिमा ने स्थानीय संसाधनों के उपयोग, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की भूमिका पर विचार रखे।

मुख्य अतिथि रांची विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने नवाचार, कौशल विकास और उद्यमिता के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

राउंडटेबल में मॉडल युवा ग्राम सभा, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूह, ग्रामीण विकास, स्वदेशी नवाचार और रोजगार सृजन पर चर्चा हुई। NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. किशोर सुरिन ने युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, रोजगार सृजित करने वाला बनने की सलाह दी। प्रशिक्षण विशेषज्ञ श्री शुभेंदु सिन्हा और सामाजिक अंकेक्षण निदेशक श्री हलधर महतो ने गांव को विकास की मूल इकाई बनाने पर जोर दिया।

समापन में MY Bharat रांची की उप निदेशक श्वेता सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अब केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि युवाओं, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय नेतृत्व पर आधारित जन-आंदोलन है। कार्यक्रम का अंत युवाओं द्वारा विकसित भारत निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

By Admin

error: Content is protected !!