रिपोर्ट- एसके सिन्हा
बालूमाथ: थाना क्षेत्र के धांधू पंचायत अंतर्गत चितरपुर गांव में मंगलवार को एक बुजुर्ग की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। मृतक की पहचान चितरपुर गांव निवासी बिगन उरांव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को ग्रामीणों को गांव के समीप बिगन उरांव का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव पर गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए, जिससे हत्या की प्रबल आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही धांधू पंचायत के मुखिया पति रामबृक्ष उरांव मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी बालूमाथ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
