आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

रामगढ़: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सारथी योजना’ के तहत जिला प्रशासन के द्वारा युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में गुरुवार को बड़ी पहल की गई। जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने प्रशिक्षण प्राप्त करनेवाले युवाओं के बीच ऑफर लेटर, प्रमाण-पत्र एवं टूलकिट का वितरण किया गया।

अवसर पर कुल 28 युवाओं को लाभान्वित किया गया, जिससे युवाओं में भारी उत्साह और आत्मविश्वास देखा गया। विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों में नियोजन हेतु 15 अभ्यर्थियों को जॉइनिंग/ऑफर लेटर सौंपे गए। वहीं सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 10 अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3 अभ्यर्थियों को संबंधित ट्रेड की टूलकिट उपलब्ध कराई गई।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा की कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। राज्य सरकार की इन योजनाओं के जरिए युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। युवा इस प्रशिक्षण का सदुपयोग कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।

बताते चलें कि मुख्यमंत्री सारथी योजना झारखंड सरकार की एक प्रमुख योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक व्यवसायों में गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण, अध्ययन सामग्री, आवासीय सुविधा (जहां लागू हो) तथा रोजगार सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

अवसर पर मुख्य रूप से जिला कौशल पदाधिकारी अनिल कुमार रंजन,परियोजना प्रबंधक, झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन कुलदीप सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!