उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” पर विद्यालय प्रांगण में योग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि योग गुरु विकास कुमार को गुलदस्ता, मोमेंटो और शॉल देकर उनका स्वागत किया गया। वहीं योग दिवस पर ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा सुमन कुमारी कक्षा छह के हरप्रीत ने भाषण प्रस्तुत किया।
अवसर पर मुख्य अतिथि अपने संबोधन में स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है। हमें अपने जीवन में एक फलदार वृक्ष की भांति बनाना चाहिए।
विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने अपने संबोधन में कहा, “योग भारत की प्राचीन धरोहर है। यह केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने की कला है। समस्त मानव के लिए तनावमुक्ति हेतु योग सबसे उत्तम साधन है। परीक्षा का दबाव हो या जीवन की भागदौड़, नियमित योग आपको मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।
योग प्रशिक्षक विकास कुमार के निर्देशन में कक्षा 3 से 12 तक के लगभग 400 छात्र-छात्राओं एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, कपालभाति एवं अनुलोम-विलोम जैसे प्रमुख योगासन एवं प्राणायाम कराए गए।
अवसर पर विद्यालय में चित्रांकन, कूट प्रश्नोत्तरी और योग प्रतियोगिता भी कराई गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “हर घर योग, हर दिन योग” का संकल्प लिया गया। मंच संचालन शिक्षिका बबीता कुमारी का साथ बी.एन प्रसाद ने दिया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका रश्मि कुमारी ने किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ कर किया गया।
