जिले के 1,71,477 बच्चों को दी जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

रामगढ़: जिले में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के तहत रामगढ़ सदर अस्पताल में रविवार को पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आरंभ हुआ। जिसका उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी और विशिष्ट अतिथि उपायुक्त ऋतुराज ने संयुक्त रूप से किया। अवसर पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। इस दौरान बताया गया कि तीन दिवसीय अभियान के क्रम में रामगढ़ जिले के 1,71,477 बच्चों (0 से 5 वर्ष तक) को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए पूरे जिले के सुदूरवर्ती गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे। उद्घाटन के उपरांत विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से छोटे बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई। अतिथियों ने अपील करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियों की बिमारी से बचाने के लिए सभी अपनी भागीदारी जरूर सुनिश्चित करें।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि भारत ने पोलियो पर विजय प्राप्त कर लिया है, लेकिन इस सुरक्षा चक्र को बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले का एक भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से छूटना नहीं चाहिए। वहीं उपायुक्त ऋतुराज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 1,71,477 बच्चों के इस शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए सुदूरवर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर जरूर ले जाएं।

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पहले दिन बूथों पर दवा पिलाई जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी। उद्घाटन समारोह में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी, जिला टीबी पदाधिकारी डॉ. स्वराज, और सदर अस्पताल के जिला शल्य चिकित्सक डॉ. हरेन चंद्र महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!