रामगढ़: मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में रामगढ़ जिले बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखण्ड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग रांची द्वारा रामगढ़ जिले को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत वर्ष 2026 की पहली तिमाही में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला जिला’ घोषित किया गया है। जिले की ओर से डॉ. विश्वनाथ उरांव और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी गोला डॉ. अपराजित ने यह सम्मान ग्रहण किया।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं पर रहा फोकस
जिला प्रशासन के अनुसार इस सम्मान का मुख्य कारण सदर अस्पताल, सभी CHC और PHC में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की 4 ANC जांचों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना रहा। नोडल पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अनुभवी डॉक्टरों की देखरेख में समय पर जांच और जोखिम की पहचान से सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा रहा है।अभियान के तहत हर महीने की 9 तारीख को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं जिले में प्रभावी तरीके से चलाई जा रही हैं।
उपायुक्त ऋतुराज ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित पूरे स्वास्थ्य विभाग को शुभकामनाएं दीं और आगे भी इसी समर्पण से काम करने का निर्देश दिया। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि यह सम्मान डॉक्टरों, ANM और सहिया बहनों के सामूहिक परिश्रम का नतीजा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग रामगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व आदर्श बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
