रामगढ़: पतरातू प्रखंड अंतर्गत चिटो गांव के निकट जंगल में हाथी देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि जंगल के छोर पर हाथी को विचरण करते देखा गया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आ गई। टीम ने हाथी की लोकेशन को ट्रेस कर उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर घने जंगल की ओर खदेड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। वन विभाग के कर्मी पटाखे, सर्च लाइट और मशाल के साथ हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
इधर, ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने गांव में घूम-घूम कर माइकिंग शुरू कर दी है। माइक के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है और अपील की जा रही है कि बिना किसी आवश्यक कारण के रात के समय कोई भी घर से बाहर न निकले। साथ ही यह भी कहा गया है कि अगर कहीं हाथी दिखाई दे तो उसके करीब जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें।फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है।
