उरीमारी (हजारीबाग): उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत पोटंगा लुकैयाटांड़ में शनिवार की अहले सुबह जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। गिद्दी की ओर से उरीमारी पहुंच दो हाथियों ने खेतों में लगी फसल को रौंदा है। साथ ही दुकान और घर को भी नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 3:30 बजे दो जंगली हाथी लुकैयाटांड़ पहुंचे। जहां उन्होंने संजय कुमार प्रजापति पिता तन्नू प्रजापति के खेत में लगी मकई और धान की फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया। इसके करीब 200 मीटर आगे हाथियों ने मुकुंद मुंडा की दुकान के शटर को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने दुकान में रखे अनाज सहित अन्य खाद्य पदार्थों को भी नष्ट कर दिया। वहीं हाथियों एक घर की चहारदीवारी को भी नुकसान पहुंचाया और बाड़ी लगी फसल को रौंद दिया है।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दे दी है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
