रांची: हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा के 219वें उर्स के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चादरपोशी में शामिल हुए। डोरंडा स्थित मजार उन्होंने चादरपोशी कर राज्य की तरक्की, खुशहाली और अमन-चैन की दुआ मांगी। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के पहुंचते ही मजार परिसर में मौजूद अकीदतमंदों ने उनका स्वागत किया।

चादरपोशी के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की शिक्षाएं समाज को प्रेम, इंसानियत और भाईचारे का रास्ता दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने और सामाजिक सौहार्द मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की खूबसूरती उसकी विविधता में छिपी है। यहां अलग-अलग धर्म और समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य में आपसी भाईचारा और सद्भाव की यह परंपरा आगे भी मजबूत होती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने उर्स में पहुंचे अकीदतमंदों को शुभकामनाएं दीं और प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि झारखंड शांति, विकास और सामाजिक एकता के रास्ते पर लगातार आगे बढ़े, यही उनकी कामना है।

इधर, 219वें उर्स को लेकर रिसालदार बाबा की मजार पर अकीदतमंदों की भीड़ जुट रही है। रांची के अलावा दूसरे इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं। चादरपोशी और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं। उर्स के कारण डोरंडा और आसपास के इलाके में भी खास रौनक देखने को मिल रही है।

By Admin

error: Content is protected !!