अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जताई नाराजगी 

रांची: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज हुए एफआईआर को लेकर झारखंड कांग्रेस ने सोमवार को रांची में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन से शुरू हुआ विरोध मार्च अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कांग्रेस ने FIR को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। कमलेश ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भी सामाजिक सौहार्द या संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कार्य हुआ है, तो उनके खिलाफ भी समान रूप से प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए।

झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से परेशान है और मुकदमों व जांच एजेंसियों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और झारखंड कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।

इस दौरान सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर हमला जारी रहा तो कांग्रेस का आंदोलन भी जारी रहेगा। वहीं खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना जनता की आवाज को निशाना बनाने जैसा है।

वहीं कांग्रेस विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि विपक्ष को जनहित के मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है और राजनीतिक मतभेदों का समाधान लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए।

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि कानून का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए नहीं, बल्कि निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित करने के लिए होना चाहिए। प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू समेत कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Admin

error: Content is protected !!