रांची: कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत नगड़ी गांव के पास अचानक हुए सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरे लेन में ऑटो से जा टकराया। दुर्घटना में ऑटो पर सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा करीब 11:30 बजे नगड़ी चौक के समीप हुआ। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो संख्या जेएच 01 एफएफ 8774 कांके की ओर से पिठोरिया जा रही थी। इसी दौरान वाहन की गति अधिक होने के कारण चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जा पहुंचा।
इसी दौरान पिठोरिया से कांके की तरफ आ रहा ऑटो संख्या जेएच 01 बीएन 4762 उसकी चपेट में आ गया। दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत में ऑटो में बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। खबर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। दुर्घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
