गोमिया (बोकारो): गोमिया के कुंडा चुगनू स्थित डिवाइन पैरामाउंट पब्लिक स्कूल गोमिया में शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आशा किरण सेवा संस्थान के सचिव, विद्यालय की प्राचार्या नीलम देवी, सहायक शिक्षिकाएं अनुप्रिया, लीलावती, सुनीता, तरुणा सहित विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। बच्चों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे और विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरुओं के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर प्राचार्या नीलम देवी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
आशा किरण सेवा संस्थान के सचिव ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की बधाई दी और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
