बेड़ो (रांची): बेड़ो पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में अनुसंधान करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने चोरी किए गए 13 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार बेड़ो थाना कांड संख्या 85/26 के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने पूरियों निवासी निखलेश एक्का, गरगांव निवासी निर्मल उरांव और प्रेम साहू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार बरामद 13 गैस सिलेंडरों में कुछ ऐसे सिलेंडर भी शामिल हैं, जो बेड़ो थाना क्षेत्र में दर्ज अन्य चोरी के मामलों में पहले चोरी किए गए थे। पुलिस अब बरामद सिलेंडरों का सत्यापन कर रही है, ताकि उन्हें संबंधित चोरी के मामलों से जोड़ा जा सके। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
