मुआवजे को लेकर गिद्दी-रामगढ़ सड़क किया जाम
गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर बूंडू में सोमवार को तड़के सुबह तेज रफ्तार हाइवा (ट्रिप ट्रेलर) एक स्थानीय व्यक्ति को चपेट में लेते हुए पलट गया। जिससे व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गिद्दी-रामगढ़ मार्च जाम कर आवागमन ठप कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गिद्दी थाना अंतर्गत बुंडू गांव में स्थानीय जीतन मांझी (58 वर्ष) तड़के तकरीबन तीन बजे शौच के लिए निकले थे। इस क्रम में सड़क पर गिद्दी से रामगढ़ की ओर जाते हुए एक 18 चक्का हाइवा (JH 02 BT 3352) ने उन्हें चपेट में ले लिया। इसके साथ ही हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। जबकि जीतन मांझी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ग्रामीण जुट गए और ट्रक चालक को पकड़ लिया।
वहीं दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गिद्दी-रामगढ़ सड़क जाम कर आवागमन बाधित कर दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने कहा कि रास्ते पर ट्रांसपोर्टिंग में लगे बड़े मालवाहक वाहन बेतहाशा रफ्तार में चलते हैं। जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती है। बावजूद इसके दुर्घटनाओं के रोकथाम को लेकर कोई पहल नहीं की जाती है।
इधर, मामले की सूचना पर पहुंची गिद्दी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के बावत पूरी जानकारी ली। स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी हुई।
