मांडू (रामगढ़): मांडूडीह पंचायत सचिवालय में सोमवार को दिव्यांगजनों के लिए पंचायत स्तरीय जागरूकता सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिव्यांग परिवर्तन फाउंडेशन के निदेशक सह जिला प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अतहर अली ने की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मांडू डीह पंचायत के मुखिया बैजनाथ राम रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में लीड्स संस्था के जिला समन्वयक उमेश कुमार और शिक्षक राजेश कुमार उपस्थित रहे।

शिविर की शुरुआत में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की तस्वीर पर पुष्प अर्पित का श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही दो मिनट का मौन रख उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में आगे संस्था की ओर से मुखिया बैजनाथ राम सहित सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतहर अली ने कहा कि दिव्यांगजन पंचायत स्तर से ही प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, मनरेगा, बकरी पालन, सूअर पालन, दुधारू गाय वितरण सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। शिविर में मांडू डीह पंचायत के लगभग 125 दिव्यांगजन, उनके अभिभावक और अन्य लोग उपस्थित रहे। 

कार्यक्रम को सफल बनाने में मांडू प्रखंड की प्रखंड कोऑर्डिनेटर गुड़िया कुमारी गुप्ता, अंजली कुमारी तथा लीड्स के सोशल वालंटियर शिव शंकर गंझू, रूबी देवी, सीमा कुमारी, विभा कुमारी, संजना देवी, दिलीप टुडू सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।