हजारीबाग: पद्मा ओपी क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक पर रविवार को हुई फायरिंग के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मामले में अभियुक्त कृष्णा महतो निवासी सूरजपुरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल और बाइक की बारमदगी कर ली गई है। साथ ही आठ जिंदा गोली, दो मिसफायर गोली, दो खोखा, दो मोबाइल भी जब्त किया गया है।
एसपी अमन कुमार ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रविवार को सेविंग करवाने के बाद रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार मेहता अपने घर जा रहे थे। इस क्रम में बाइक सवार अभियुक्त ने उनपर गोली चला दी। गोली लगने से रामजय कुमार घायल हो गए। जबकि अभियुक्त भाग निकला। कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस टीम ने जिहू गांव में अभियुक्त को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक से उसका मनमुटाव चला आ रहा था। गांव में हुई पंचायती में शिक्षक ने उसे अपमानित किया है।
