रांची: झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जेयूटी) का द्वितीय दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित हुआ। समारोह में तकनीकी और प्रबंधन पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को डिग्री और स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कुल आठ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल मिला। इनमें पांच पदक बीआईटी सिंदरी के विद्यार्थियों ने हासिल किए। जेयूटी के मुख्य परिसर नामकुम के विद्यार्थियों को दो गोल्ड मेडल मिले। एक अन्य पदक संबंधित पाठ्यक्रम के विद्यार्थी को प्रदान किया गया।

समारोह में बीआईटी सिंदरी की प्रीति कुमारी, आलोक रंजन, आरती कुमारी, शालिनी भारद्वाज और अविनाश कुमार को स्वर्ण पदक मिला। जेयूटी नामकुम के एमटेक एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग के राहुल कुमार और चंद्रकांत कुमार भी गोल्ड मेडल से सम्मानित हुए। आठ टॉपरों में चार बीटेक और चार एमटेक-एमबीए स्तर के विद्यार्थी शामिल रहे।

नामकुम स्थित विश्वविद्यालय के सभागार में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. डीके सिंह ने की। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सेल बोकारो के निदेशक प्रिय रंजन और डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. प्रभात रंजन विशिष्ट अतिथि रहे।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान को समाज की जरूरतों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने एआई, रोबोटिक्स, सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में अवसरों का उल्लेख किया। साथ ही डेटा गोपनीयता, डीपफेक और साइबर सुरक्षा जैसी चुनौतियों के प्रति सजग रहने को कहा। उन्होंने जल, ऊर्जा, खनन, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ग्रामीण विकास के लिए स्थानीय तकनीकी समाधान विकसित करने पर जोर दिया।