रांचीः सड़क सुरक्षा अभियान के पहले दिन रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने सघन चेकिंग की। दोपहिया वाहन चालकों पर विशेष नजर रही। बिना हेलमेट मिले बाइक और स्कूटी चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अभियान की निगरानी ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी कर रहे हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना या राजस्व वसूलना नहीं है। पुलिस लोगों को नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क हादसों को कम करने पर जोर दे रही है। हालांकि, जरूरी कागजात नहीं मिलने पर नियमानुसार जुर्माना किया जा रहा है।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस को अभियान के लिए सक्रिय किया गया है। वाहन चालकों से गति सीमा का पालन करने और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने हादसे में घायलों की मदद के लिए लोगों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद पहला घंटा ‘गोल्डन आवर’ होता है। इस दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच सकती है।

विशेष अभियान अगले सात दिनों तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में जारी रहेगा।