भुरकुंडा (रामगढ़): कलश स्थापना के शारदीय नवरात्र रविवार को आरंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार से भुरकुंडा कोयलांचल गूंजायमान हो उठा है। श्रद्धालु विधि-विधान से मां दुर्गा की अराधना में रम गए हैं। पहले दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा-अर्चना कर भक्तों ने मंगलकामना की। वहीं नवरात्र शुरू होते ही पूजा समितियां तैयारियों में तत्परता से जुट गई है। कारीगर भी पूजा पंडाल, साज-सजावट और प्रतिमाओं के निर्माण में लगे हुए हैं। इधर, भुरकुंडा बाजार में भी रौनक बढ़ती दिख रही है। रविवार को बाजार में ग्राहकों की काफी भीड़ देखी गई।

इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर में कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय पाठ आरंभ 

भुरकुंडा बाजार स्थित इच्छापूर्ण प्राचीन हनुमान मंदिर सह खोपड़िया बाबा धर्मशाला में कलश स्थापना के साथ मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में नौ दिवसीय दुर्गा पाठ का भी शुभारंभ हुआ। पुरोहित प्रहलाद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। यजमान के रूप में बाबूलाल नायक, बिट्टू गुप्ता और वासु सिंह राजपूत पूजा में शामिल हुए। अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष पप्पू सिंह, मीडिया प्रभारी अभिषेक मिश्रा, उप मंत्री सतीश ठाकुर, उपाध्यक्ष राजेंद्र रोशन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।