रांची: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए रांची पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शांति भंग करने वालों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

पूजा पंडालों और शहर के संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पंडालों में लगे कैमरों की लाइव फीड और डीवीआर की व्यवस्था परिसर में ही रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।

भीड़ में घुल-मिलकर निगरानी करेंगे पुलिसकर्मी

पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए शक्ति कमांडो और महिला पुलिसकर्मियों को विशेष जिम्मेदारी दी जाएगी। पुलिस की नजर भीड़भाड़ वाले स्थानों के साथ उन इलाकों पर भी रहेगी, जहां विवाद या अव्यवस्था की आशंका है।

जाम से निपटने के लिए भी तैयारी

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और जाम की समस्या से निपटने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान करने को कहा गया है।

एसएसपी ने संवेदनशील स्थानों की पहचान करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति में बिना देरी कार्रवाई करने पर जोर दिया। पुलिस प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना करें और राजधानी में शांति, सौहार्द व भाईचारे का माहौल कायम रहे।