रांची: अभावों को पीछे छोड़कर कामयाबी की नई इबारत लिखने वाली आरती कुमारी की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि मजबूत इरादों के सामने परिस्थितियां बाधा नहीं बन सकतीं। बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग में पीएचडी करने वाली आरती के घर आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो पहुंचे। उन्होंने आरती को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।

आरती की सफलता के पीछे उनकी मां राणु देवी का संघर्ष भी जुड़ा है। बीआईटी मेसरा में झाड़ू लगाने का काम करने वाली राणु देवी ने अपनी बेटी के सपनों को साकार होते देखा है। जिस संस्थान में मां मेहनत कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाती रहीं, उसी संस्थान से बेटी ने डॉक्टरेट की उपाधि हासिल कर एक नई मिसाल कायम की।

सुदेश महतो ने राणु देवी के संघर्ष और उनके अटूट हौसले को नमन करते हुए कहा कि आरती की उपलब्धि उन युवाओं के लिए उम्मीद की किरण है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद जीवन में कुछ बड़ा हासिल करना चाहते हैं। आरती की कहानी केवल शैक्षणिक सफलता नहीं, बल्कि मां के त्याग, बेटी की लगन और सपनों के प्रति अडिग विश्वास की प्रेरक मिसाल है।