रांची: आजाद अंसारी की जान पर खतरे का दावा करते हुए झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। मंगलवार को हाईकोर्ट परिसर में प्रेस वार्ता के दौरान अधिवक्ता राजीव कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान आजाद अंसारी और अनवारुल नदवी भी मौजूद थे।

अधिवक्ता राजीव कुमार ने आरोप लगाया कि आजाद अंसारी पर प्रशासन की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आजाद अंसारी ने विधानसभा थाना में भी शिकायत दर्ज कराई है।

आजाद अंसारी ने कहा कि उनके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और विभिन्न विभागों में शिकायतें की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जरिए उनकी सामाजिक छवि खराब करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने अदालत का फैसला आने से पहले उन्हें अपराधी या गुंडा कहे जाने पर भी आपत्ति जताई।

आजाद अंसारी ने संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की बात कही। साथ ही रांची जिला प्रशासन से दोनों पक्षों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मामले में दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।