रांची: दुर्गा पूजा में भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने को लेकर एसएसपी राकेश रंजन ने मंगलवार देर रात शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

एसएसपी ने निर्धारित पार्किंग स्थलों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने, जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक नगर समेत संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

रांची पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थलों पर वाहन पार्क करने और पुलिस के निर्देशों का पालन कर दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित बनाने में सहयोग की अपील की है।

