देश का कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित : राज्यपाल 

रामगढ़: सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को पतरातू पहुंचे। जहां उन्होंने प्रखंड के हरिहरपुर, तालाटांड़ और हफुआ पंचायत में आयोजित एकल विद्यालय दर्शन कार्यक्रम में शिरकत की। राज्यपाल सर्वप्रथम हरिहरपुर पंचायत के राजाबेड़ा पहुंचे। जहां पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। सामूहिक रूप से वंदना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके उपरांत बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 

हरिहरपुर पंचायत के राजाबेड़ा में उपस्थित लोग

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों से एकल विद्यालय द्वारा दी जा रही पंचमुखी शिक्षा के बारे में जानकारी ली। साथ ही ग्राम समिति के सदस्यों से विद्यालय संचालन को लेकर चर्चा की। वहीं बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके साथ ही राज्य ने बच्चों के साथ संवाद किया और उनसे प्रश्न भी पूछे। बच्चों ने सभी प्रश्नों का उत्साहपूर्वक सटीक जवाब दिया।

अपने संबोधन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि देश का एक भी बच्चा शिक्षा और संस्कारों से वंचित नहीं रहना चाहिए। सरकारी स्कूल व्यवस्था की भी एक सीमितता  है। जबकी एकल विद्यालय लेह-लद्दाख जैसे क्षेत्रों में भी बच्चों को शिक्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सपने जरूर देखें और उन्हें पूरा करने का प्रयत्न भी करें। बड़े होकर कौन क्या बनेगा इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। अच्छी तरह से पढ़ाई करें और अपने कार्यों से परिवार, राज्य और देश का नाम रौशन करें।

इसके उपरांत राज्यपाल बरतुआ और ईचापिरी गांव में भी आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां राज्यपाल का स्वागत किया गया। इस दौरान राज्यपाल ने बरतुआ में शहीद राम प्रसाद महतो के वंशज कामेश्वर महतो सहित समाजसेवी मोरनाथ महतो और वकील महतो को शॉल देकर सम्मानित किया गया। वहीं ईचापिरी गांव में राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानी खैरा मांझी के वंशज दुर्गा मांझी को सम्मानित किया।

अवसर पर एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन कुमार शर्मा, संभाग अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, राष्ट्रीय महिला प्रमुख उषा जालान, पतरातू संच सचिव सह मुखिया किशोर कुमार महतो, गंगाधर महतो, भुनेश्वर ठाकुर सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।