रांची: कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) की वित्तीय व्यवस्था, क्रिकेट प्रतियोगिताओं के संचालन और क्लबों के प्रतिनिधित्व को लेकर विवाद सामने आया है। शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में पूर्व क्रिकेटरों और विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वित्तीय दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।

प्रतिनिधियों ने क्लब पंजीकरण, लाइफ मेंबरशिप और अन्य स्रोतों से प्राप्त राशि का ब्योरा देने के साथ एसोसिएशन के बैंक खातों और आय-व्यय का हिसाब उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने अंडर-16 क्रिकेट प्रकरण तथा कोडरमा प्रीमियर लीग (KPL) के आयोजन, खिलाड़ी चयन और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कराने पर जोर दिया।

वक्ताओं ने 21 सितंबर 2026 को आयोजित बताई गई वार्षिक आमसभा (AGM) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए बैठक की सूचना, कार्यवाही और वैध मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग की। उनका आरोप था कि कई पंजीकृत क्लबों को उचित सूचना और प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।

पूर्व क्रिकेटरों ने कहा कि जिला क्रिकेट संघ का संचालन निर्धारित नियमों और संविधान के अनुरूप होना चाहिए। नियमित जिला लीग, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और क्लबों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके। उन्होंने मांग की कि जांच में आरोप प्रमाणित होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिशाल सूद, हर्ष सिंह, अमित कुमार सिन्हा, रवि कुमार, सुनील कुमार कश्यप, विभूत लोहानी, राकेश शर्मा और अजय शर्मा समेत विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

