चतरा: उपायुक्त रवि आनंद ने शुक्रवार को हंटरगंज प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई, कर्मियों की उपस्थिति और विभिन्न अभिलेखों की जांच कर कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों से परिचय प्राप्त कर उनके दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें और आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करें, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
उपायुक्त ने एसआईआर-2026 के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। 5 से 10 अक्टूबर तक आयोजित विशेष डिजिटलीकरण शिविरों और 12 से 16 अक्टूबर तक चल रहे विशेष संपर्क अभियान की प्रगति की बीएलओ के साथ बिंदुवार समीक्षा की। इस अभियान के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, 50 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर और अनाथालयों में जाकर कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने हंटरगंज बाजार और पांडेयपुरा पंचायत में दुर्गापूजा पंडालों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने जिलेवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। मौके पर अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

