रामगढ़: सीएम हेमंत सोरेन ने दिवंगत माता रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध संस्कारों का नौवें दिन निर्वहन किया। इसके साथ ही उन्होंने आम लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनके समाधान के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
वहीं छत्तीसगढ़ स्थित जशपुर राजपरिवार के सदस्यों ने भी नेमरा पहुंचकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। महाराजा-सह-पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने मुख्यमंत्री की माता दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजपरिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे नेमरा, दी श्रद्धांजलि
इस दौरान सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद नलिन सोरेन, विधायक सरयू राय, विधायक अनंत प्रताप देव, विधायक अमित महतो, विधायक प्रकाश राम ने मुख्यमंत्री से मिलकर उनकी पूजनीय माता दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने मुख्यमंत्री एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

