गोमिया (बोकारो): गोमिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बीएलसीपी एवं पंचायत स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों ने भाग लिया। अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने की।

कार्यशाला में सिनी संस्था के पदाधिकारियों द्वारा बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी एवं बाल शोषण जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी गई। समिति सदस्यों को उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों, बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की पहचान, त्वरित कार्रवाई, संबंधित विभागों के बीच समन्वय तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने के तरीकों के बारे में बताया गया।
अवसर पर बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि बच्चों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, तस्करी और शोषण जैसी समस्याओं से बचाने के लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। समिति के सभी सदस्य अपनी जिम्मेदारियों को समझें और जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें संबंधित विभागों की सहायता उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय आवश्यक है।
वहीं सिनी संस्था के जिला समन्वयक मयनक साहा ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के सदस्यों को बाल संरक्षण से संबंधित मुद्दों पर जागरूक करना और उनकी क्षमता का विकास करना है। सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में बच्चों से जुड़ी समस्याओं की पहचान करें और समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम करें। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण मिले और कोई भी बच्चा अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि लुदु मांझी, प्रखंड समन्वयक पंचायती राज प्रवीण कुमार, प्रभारी बीपीआरओ मोहसिना प्रवीण, सिनी संस्था से क्लस्टर कोऑर्डिनेटर अभिषेक कुमार व राज किशोर, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य मौजूद थे।

