रांची: झारखंड के कारा विभाग में लिपिकीय पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। जेलों में निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 रिक्त पदों पर बहाली के लिए गृह विभाग ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को अधियाचना भेज दी है। अब अभ्यर्थियों को आयोग के आधिकारिक भर्ती विज्ञापन का इंतजार है। इसके नवंबर में जारी होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इंटर पास अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

प्रस्तावित भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना जरूरी होगा। इसके अलावा मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा मांगा गया है। चयन झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। कंप्यूटर का ज्ञान और हिंदी टाइपिंग की दक्षता भी चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होगी।

आवेदन की तिथि, परीक्षा कार्यक्रम, टाइपिंग की गति और अन्य शर्तों की जानकारी JSSC के विज्ञापन में स्पष्ट होगी। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।

49 पदों में 29 पर सीधी भर्ती

कारा विभाग में कुल 49 लिपिकीय पद सृजित किए गए हैं। इनमें 29 निम्नवर्गीय लिपिक के पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे, जबकि 20 उच्चवर्गीय लिपिक के पदों पर प्रोन्नति के माध्यम से नियुक्ति होगी। इस व्यवस्था के तहत सीधी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है।

2023 की भर्ती रद्द होने के बाद नई उम्मीद

इससे पहले वर्ष 2023 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया पिछले महीने रद्द कर दी गई थी। अब नई बहाली के लिए अधियाचना भेजे जाने के बाद अभ्यर्थियों को फिर से उम्मीद जगी है। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी और परीक्षा किस समय आयोजित की जाएगी, इसका फैसला JSSC के आधिकारिक विज्ञापन के बाद ही स्पष्ट होगा।