चतरा/रांची: दुर्गा पूजा के बीच किसी भी तरह की अशांति रोकने के लिए चतरा पुलिस ने मैदान में उतरकर अपनी सक्रियता दिखाई। रविवार को एसपी अनिमेष नैथानी खुद बाइक से शहर में निकले। उनके साथ पुलिस अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता जाहिर की।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से लेकर संवेदनशील क्षेत्रों तक पुलिस की गतिविधियां बढ़ाई गईं। इस दौरान एसडीपीओ सन्नी वर्धन और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव भी मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी संभावित उपद्रव पर समय रहते रोक लगाना रहा।

एसपी अनिमेष नैथानी ने स्पष्ट किया कि त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।