रांची: महानवमी के अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रातू किला, सुगनू और बुढ़मू प्रखंड के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात की तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रातू किला में सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार मां जग जननी की पूजा-अर्चना की गई। संजय सेठ ने किला परिसर में मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और बड़ी मणि माधुरी मंजरी देवी से मुलाकात कर उन्हें महानवमी की शुभकामनाएं दीं। मौके पर गोपाल साहदेव, दामोदर मिश्र, मंडल अध्यक्ष सुबोध साहू, मुखिया महेश्वरी देवी, शिवपूजन साहू और संजय मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

इसके बाद उन्होंने श्री दुर्गा पूजा समिति, सुगनू के आयोजन में हिस्सा लिया। समिति अध्यक्ष सुजीत कुमार साहू, सचिव मुनेश्वर महतो, महाकोषाध्यक्ष शिव नारायण कुमार और महासचिव गोविंद महतो समेत समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।

बुढ़मू प्रखंड में भी संजय सेठ ने चकमे, उमेडंडा, मक्का और मुरुपिरी के दुर्गा पूजा आयोजनों में शिरकत की। विभिन्न पंडालों में दर्शन के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इन कार्यक्रमों में संतोष यादव, कमलेश राम, मनोज कुमार साहू, हरदेव साहू, टप्पू मिश्रा, शंकर महतो, उमेश प्रजापति, सुदामा नायक, मोहन जायसवाल, अजीत साहू, शंकर साहू, नंदलाल पाहन, राजू साहू, विकास साहू, सोनू साहू, सुरेश मुंडा, सांसद प्रतिनिधि अर्जुन राम, जय साहू, विष्णु गिरी, रामाशीष शिखर, महावीर राम, अरुण प्रजापति और संतोष शिखर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इससे पहले राजधानी के किशोरगंज स्थित शिवशक्तिनगर में नूतन वीणा छात्र संघ कन्या पूजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 1100 कन्याओं का पूजन किया गया था। श्री मुकेश मुक्ता के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम लगातार तीसरे वर्ष हुआ। वहीं, नगड़ी में श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण महायज्ञ दुर्गा पूजा समिति के कुमारी पूजन कार्यक्रम में पूर्व सांसद राम टहल चौधरी समेत कई वरिष्ठजन शामिल हुए। बुढ़मू में श्री दुर्गापूजा समिति के आयोजन में भी संजय सेठ ने भाग लिया था।

विभिन्न पूजा आयोजनों के दौरान धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता का माहौल देखने को मिला। संजय सेठ ने मां दुर्गा से देशवासियों और झारखंड के लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।

