अनुकंपा पर नौकरी और प्रेमी संग शादी के लालच में पत्नी बनी हैवान
• पत्नी, प्रेमी और नाबालिग ने मिलकर की मंगलेश की हत्या
• हत्या में प्रयुक्त दाउली और चाकू बरामद
गिद्दी (हजारीबाग): पुलिस ने गिद्दी ‘ए’ में शनिवार की रात हुए सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनाली उसके प्रेमी कौशिक कुमार नोनिया को गिरफ्तार किया है। वहीं हत्या में सहयोगी नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि सोनाली ने पति की मौत के बाद सीसीएल में अनुकंपा पर नौकरी पाने और प्रेमी के साथ शादी करने के लालच में हत्या की साज़िश रची थी।

पुलिस के अनुसार बीते 18 अक्टूबर की सुबह 05:30 बजे सूचना मिली कि गिद्दी मेन गेट के निकट सीसीएल क्वार्टर में लूटपाट के दौरान पत्नी को बंधक बनाकर पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में मृतक की पत्नी सोनाली के बयान में विरोधाभास पाया। सख्ती से पूछताछ में सोनाली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में सोनाली ने बताया कि उसका प्रेम प्रसंग गिद्दी ए थाना मैदान निवासी कौशिक कुमार नोनिया से चल रहा है। जो रिश्ते में उसका ममेरा भाई है और मूल रूप से रानीगंज पश्चिम बंगाल का रहनेवाला है। उसने बताया कि पति की मौत के बाद सीसीएल में अनुकंपा पर नौकरी पाने और प्रेमी से शादी करने के लालच में हत्या को अंजाम दिया है।
सोनाली के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर उसके प्रेमी कौशिक और नाबालिग किशोर को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सनी दाउली, चाकू, खून लगा पोछा, आरोपियों के खून लगे कपड़े, चप्पल और सबूत मिटाने के लिए जलाए गए दो मोबाइल के अवशेष बरामद किए हैं।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात कौशिक और नाबालिग किशोर योजना के तहत मंगलेश के घर पहुंचे। जहां तीनों ने मिलकर धारदार दाउली और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मंगलेश की हत्या कर दी। हत्या के बाद उन्होंने जगह-जगह पड़े खून के धब्बों को साफ किया। वारदात को लूटपाट दिखाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए सोनाली ने खुद के हाथ बंधवाएं और मुंह पर टेप भी लगवाया।
इधर, मृतक की बहन के आवेदन पर गिद्धी थाना में कांड संख्या 35/2026, धारा 103(1)/61(2)/238/3(5) B.N.S. के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

