भुरकुंडा (रामगढ़): बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा मंगलवार को भदानीनगर में हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। अवसर पर भदानीनगर स्थित IAG ग्लास फैक्ट्री मैदान में रावण दहन कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। जिसे देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

शाम ढलते ही मैदान में दर्शकों का हुजूम जुटने लगा। रावण दहन से पूर्व शानदार आतिशबाजी की गई। इसके उपरांत रावण के प्रतीकात्मक पुतले में आग लगाई गई। इस दौरान पूरा मैदान “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। 50 फीट ऊंचा पुतला धूं-धूं कर जल उठा और देखते ही देखते राख में तब्दील हो गया। इस दृश्य को देख बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वहीं मैदान में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं। बच्चे भी मैदान में लगे झूलों का खूब आनंद उठाते दिखे। कार्यक्रम के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए भदानीनगर ओपी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। पूजा समिति के लोग भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में तत्परता से जुटे रहे।

