रांची: झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने प्रस्तावित हड़ताल टाल दी है। अब 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया है। संघ के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात 11:59 बजे तक एंबुलेंस सेवा सामान्य रूप से जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के आग्रह और मांगों पर विचार के आश्वासन के बाद झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने यह फैसला लिया।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बकाया वेतन का भुगतान, हटाए गए कर्मियों की बहाली, ईपीएफ, ईएसआई, ओवरटाइम और ग्रेच्युटी का लाभ शामिल है। 16 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मांगों पर सहमति नहीं बन सकी थी। अब आंदोलन से पहले सरकार के अगले कदम पर सबकी नजर है।

