रांची: झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 में गुरुवार को खिलाड़ियों के बीच पदकों के लिए कड़ा मुकाबला हुआ। CISF की बासंती महतो ने रिकर्व महिला वर्ग में 70 मीटर के दोनों चरणों में स्वर्ण पदक जीते। उत्तर प्रदेश पुलिस की दीपिका पांडे ने इंडियन राउंड महिला वर्ग के समग्र परिणाम में स्वर्ण हासिल किया, जबकि ITBP के मुकेश बोरो पुरुष रिकर्व के दूसरे चरण में विजेता बने।

बासंती महतो ने पहले चरण में 334 और दूसरे चरण में 330 अंक अर्जित किए। दोनों चरणों में असम राइफल्स की प्रमिला दैमरी दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष रिकर्व के पहले चरण में असम राइफल्स के अकोइजाम अमरजीत, BSF के चमन सिंह और ITBP के नीरज ने 332-332 अंक हासिल किए। टाई-ब्रेकिंग मानदंडों के आधार पर अमरजीत को स्वर्ण मिला। दूसरे चरण में मुकेश बोरो ने 337 अंक लेकर स्वर्ण, नीरज ने 336 अंकों के साथ रजत और चमन सिंह ने 334 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

इंडियन राउंड महिला वर्ग में दीपिका पांडे ने दोनों चरणों में क्रमशः 334 और 331 अंक हासिल कर कुल 665 अंकों के साथ स्वर्ण जीता। CISF की लाइफ्राकपम रोजिना देवी 657 अंकों के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश पुलिस की नमिता वर्मा 643 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।