तीरंदाजी है एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन की परीक्षा : राज्यपाल 

रांची: देशभर के पुलिस बलों के तीरंदाजों के बीच पदक की होड़ गुरुवार को रांची में शुरू हो गई। खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 29 टीमें हिस्सा ले रही हैं। रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड की 37 स्पर्धाओं में 432 खिलाड़ी अपना कौशल दिखाएंगे।

उद्घाटन समारोह में राज्यपाल ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि तीरंदाजी केवल निशाना साधने का खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन की भी परीक्षा है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए झारखंड पुलिस को बधाई दी और खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।

झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि तीरंदाजी में लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और लगातार अभ्यास की अहम भूमिका होती है। यही गुण पुलिस सेवा में भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन विभिन्न राज्यों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ आपसी समन्वय और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।

झारखंड सशस्त्र पुलिस की एडीजी प्रिया द्विवेदी ने बताया कि राज्य इससे पहले 2013 और 2016 में भी इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुका है। इस बार 22 से 26 अक्टूबर तक होने वाले मुकाबलों में देशभर की 29 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने आयोजन में शामिल खिलाड़ियों, पुलिस अधिकारियों और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद प्रतियोगिता पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की गई और प्रतिभागी टीमों ने शपथ ली। अगले पांच दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपने निशाने, तकनीक और निरंतरता के दम पर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मुकाबला करेंगे।

कार्यक्रम में एडीजी मनोज कौशिक, आईजी पंकज कंबोज, अजय लिंडा, मयूर पटेल, नरेंद्र कुमार सिंह, प्रभात कुमार, क्रांति कुमार गढ़देशी, अनूप बिरथरे, माइकल एस. राज, शैलेंद्र सिन्हा और विक्रांत मिंज मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह में डीआईजी संजीव कुमार, कार्तिक एस., नौशाद आलम, चंदन सिन्हा, इंद्रजीत महथा, शैलेंद्र बरनवाल, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन, आईपीएस दीपक पांडेय, पूज्य प्रकाश, मनोज टोप्पो, राजकुमार मेहता, अविनाश कुमार, राजेश यादव, सुमित कुमार अग्रवाल, सौरभ कुमार, हरविंदर सिंह, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सरोजनी लकड़ा और सहदेव साह समेत कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।