रांची: धुर्वा गोलचक्कर से पुलिस मुख्यालय तक 2.697 किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने इस काम के लिए 26.61 करोड़ रुपये की ई-निविदा जारी की है। योजना में साइकिल ट्रैक निर्माण और सड़क के दोनों ओर पौधरोपण व बागवानी भी शामिल है।
यह परियोजना बिरसा चौक–धुर्वा गोलचक्कर–प्रोजेक्ट बिल्डिंग–चांदनी चौक पथ का हिस्सा है। इसके तहत धुर्वा गोलचक्कर के 2.730 किलोमीटर बिंदु से पुलिस मुख्यालय के 5.427 किलोमीटर बिंदु तक सड़क का नवीनीकरण होगा। सड़क की डिजाइनिंग में सुधार के साथ इसे नया स्वरूप देने की योजना है। पौधों के रखरखाव की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी को एक वर्ष तक निभानी होगी।
विभाग ने कार्य पूरा करने के लिए 13 महीने की अवधि निर्धारित की है। निविदा 26 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे प्रकाशित होगी। प्री-बिड बैठक 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे होगी। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर को दोपहर 12 बजे और इसे खोलने की तिथि 18 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निर्धारित है। निविदा में भाग लेने वाले संवेदकों के लिए 26.62 लाख रुपये की अग्रधन राशि तय की गई है।
कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, मोरहाबादी, रांची की ओर से जारी निविदा के नियम और शर्तें झारखंड सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल http://jharkhandtenders.gov.in पर देखी जा सकती हैं। तकनीकी सहायता के लिए 0651-2401010 और 0651-2361018 नंबर जारी किए गए हैं। विभागीय सूचना के अनुसार, प्राक्कलित राशि और अग्रधन में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है।

