रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर नागफेनी टोल प्लाजा के पास हादसा
गुमला/रांची: गुमला-रांची मुख्य मार्ग पर नागफेनी टोल प्लाजा के पास गुरुवार रात हुए सड़क दुघर्टना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान खरा भगवा टोली निवासी बुधराम उरांव के पुत्र सुरजीत उरांव (18) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान बोध उरांव के पुत्र गौतम उरांव और नितेश उरांव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार सुरजीत अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से सिसई गया था। वहां से लौटने के दौरान रांची की ओर से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। सुरजीत को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे में घायल दोनों युवकों के सिर, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के परिजन राहुल कुमार ने बताया कि तीनों दोस्त एक ही बाइक पर थे और लौटते समय अज्ञात कार की चपेट में आ गए। परिजनों ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
घटना के बाद सुरजीत के शव को सदर अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को सदर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। हादसे में शामिल कार और उसके चालक का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

