रांची: तीरंदाजी के मैदान में लक्ष्य पर निशाना साधने के लिए जरूरी एकाग्रता और अनुशासन का संदेश शुक्रवार को रांची की सड़कों पर भी देखने को मिला। कांटाटोली चौक पर ट्रैफिक पुलिस ने आर्चरी मस्कट के साथ विशेष जागरूकता अभियान चलाकर वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ अभियान में शामिल हुए और लोगों से सुरक्षित यातायात की आदत अपनाने की अपील की।

झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित 15वें अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के आर्चरी मस्कट को इस अभियान से जोड़ा गया। मस्कट की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा और सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए एक अलग तरीका सामने आया। पुलिस ने तीरंदाजी के अनुशासन को यातायात नियमों से जोड़ते हुए समझाया कि सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए भी सतर्कता, संयम और नियमों का पालन उतना ही जरूरी है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। रेड लाइट पर रुकने, जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से दूर रहने की अपील की गई। पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों और राहगीरों से बातचीत कर बताया कि यातायात नियम महज कानूनी औपचारिकता नहीं हैं। इनका पालन सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कम करने और खुद के साथ दूसरों की जान बचाने के लिए जरूरी है। तेज रफ्तार, असावधानी और नियमों की अनदेखी सड़क पर गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
अभियान में लालपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सहित यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। आर्चरी मस्कट के जरिए चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर जल्दबाजी से बचें, नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर को अपनी आदत बनाएं।

