पलामू: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरडीहा गांव में हुए सीताराम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली है। छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान हत्या के पीछे डायन-बिसाही से जुड़ा अंधविश्वास का मामला सामने आया है।

एसडीपीओ के अनुसार, आरोपी सोनू कुमार के भाई विवेक कुमार की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों को आशंका थी कि विवेक की मौत डायन-बिसाही के कारण हुई है। इसी अंधविश्वास और संदेह के चलते सीताराम के घर पर हमला किया गया।

आरोप है कि हमले के दौरान पहले गला घोंटकर और फिर टांगी से वार कर सीताराम की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गांव की स्थिति पर भी नजर रखे हुए है। छापेमारी अभियान में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।