हजारीबाग: शहर के प्रसिद्ध खजांची तालाब के विकास हेतु सांसद मनीष जायसवाल ने सांसद निधि से 10 लाख रुपये का अनुशंसा पत्र शुक्रवार को स्थानीय लोगों को सौंपा। इससे पूर्व शुक्रवार सुबह सांसद मनीष जायसवाल खजांची तालाब पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने तालाब के समीप स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद तालाब परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उपमहापौर अविनाश कुमार यादव भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने दोनों जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत किया।

तालाब परिसर में मंदिर के समीप स्थानीय लोगों द्वारा कराए जा रहे शेड निर्माण कार्य को देखकर सांसद ने सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के सामूहिक हित से जुड़ी है। तालाब के समीप बची जमीन का उपयोग जनसुविधा के लिए किया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है। यह किसी एक व्यक्ति द्वारा कब्जा करने का मामला नहीं, बल्कि समाज की भलाई के उद्देश्य से किया जा रहा कार्य है। ऐसे सकारात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

सांसद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 10 लाख रुपये की अनुशंसा का पत्र सौंपा। इस राशि से लगभग 6,000 वर्गफीट क्षेत्र में पेवर ब्लॉक बिछाने सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इससे तालाब परिसर में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।

सांसद की त्वरित पहल पर स्थानीय लोगों ने आभार जताया और कहा कि खजांची तालाब शहर का महत्वपूर्ण स्थल है, इसके विकास से नागरिकों को लाभ मिलेगा।