भुरकुंडा (रामगढ़): लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय खाय के साथ कल शुक्रवार को आरंभ होगा। महापर्व को लेकर भुरकुंडा में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। छठ मईया के मंदिर का रंग-रोगन किया जा है। वहीं पंचायत में साफ-सफाई और जगह-जगह जमा कचरे का उठाव भी शुरू कर दिया गया है। 

नलकारी नदी के भुरकुंडा छठ घाट पर गुरुवार को जेसीबी से समतलीकरण कार्य किया गया। इसके साथ-साथ नलकारी नदी के पहुंच मार्ग की साफ-सफाई शुरू की गई। इसके अलावा एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर के माध्यम से मेन रोड सहित अन्य कॉलोनियों में जमा कचरे का उठाव भी शुरू कर दिया गया।

पंचायत के मुखिया अजय पासवान ने बताया कि पंचायत स्तर से साफ-सफाई और कचरे का उठाव किया जा रहा है। नलकारी नदी के निकट खराब पड़े हाई मास्ट लाइट की मरम्मती करा दी गई है। जल्द ही छठ घाट की साफ-सफाई होगी और जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। 

इधर, नलकारी नदी के दूसरे छोर पर सौंदा डी पंचायत में भी छठ पूजा समिति ने तैयारियां शुरू कर दी है।पूजा समिति के सदस्य तन्मयता से तैयारियों में जुटे दिख रहे हैं। बताया जाता है कि पंडाल और तोरण द्वार निर्माण कार्य चल रहा है। छठ घाट की साफ-सफाई भी जल्द की जाएगी। 

छठ महापर्व पर भुरकुंडा बाजार का हाल 

छठ महापर्व को लेकर भुरकुंडा बाजार की रौनक बढ़ गई है। बाजार में सूप 140 से 160 रुपये तक बिक रहा है। जबकि दउरा छोटे-बड़े साइज के हिसाब से 300 से 450 तक बिक रहा है। मिट्टी के दीये की कीमत 15 से 20 रुपये प्रति दर्जन है। फलों की बात करें तो केले की कांदी का मूल्य 300 से 800 रुपये है। सेब की पेटी का मूल्य 500 से 850 रुपये है। वहीं केला 50 से 60 रुपये प्रति दर्जन, सेब 120 से 150 रुपये किलो, संतरा 80 से 100 रुपये किलो, अमरूद 120 से 140 रुपये किलो, नारियल 30 से 40 रुपये प्रति पीस, शकरकंद 20 से 40 रुपये किलो, मूली 20 से 30 रुपये किलो, गाजर 60 से 80 रुपये किलो, गन्ना 30 से 40 रुपये पीस है। इसके अलावा कद्दू 40 से 60 रुपये प्रति किलो, गुड़ 60 से 70 रुपये किलो बिक रहा है। मूल्यों में स्टॉक और आपूर्ति के आधार पर उतार चढ़ाव हो सकता है।