पलामू: चैनपुर पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12.48 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस को अनुसार संध्या गश्ती के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन को गुप्त सूचना मिली कि गढ़वा की ओर से दो युवक नीले रंग की मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थ लेकर चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर चौक की ओर आ रहे हैं। सूचना पर वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने मगरदाहा घाटी में वाहन जांच और घेराबंदी की। इसी दौरान गढ़वा की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उस पर सवार दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त सुनित कुमार सिंह के जैकेट की जेब से प्लास्टिक सहित कुल 12.48 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त नीले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH03AD5535 है और दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनित कुमार सिंह उम्र 22 वर्ष पिता स्व० अमिरिका सिंह ग्राम कुन्दरी थाना लेस्लीगंज जिला पलामू और करन कुमार उम्र 20 वर्ष पिता योगेन्द्र मिस्त्री ग्राम रामसागर थाना लेस्लीगंज जिला पलामू शामिल हैं। इस संबंध में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध चैनपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में एसडीपीओ राजेश यादव, थाना प्रभारी लालजी, पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन, राम कुमार उपाध्याय, सहायक अवर निरीक्षक सिंगराय हेम्ब्रम एवं चैनपुर थाना रिजर्व गार्ड शामिल थे।

